जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) प्रशासन द्वारा साक्ची स्थित नवनिर्मित डीएम लाइब्रेरी का संचालन आगामी 25 फरवरी से प्रारंभ किया जाएगा. नागरिकों के सहयोग से इस लाइब्रेरी को विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं, शोधार्थियों एवं आम नागरिकों के लिए ज्ञान का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने का प्रयास है. इसी कड़ी में लाइब्रेरी को अधिक समृद्ध एवं उपयोगी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा पुस्तक दान अभियान 17 जनवरी से चलाया जाएगा. 17 जनवरी से जिले के सभी स्कूल, कॉलेज एवं कुछ चिन्हित स्थलों पर पुस्तक संग्रह अभियान प्रारंभ किया जाएगा. जिला के सभी नागरिकों से अपील है कि वे अपने घरों में उपलब्ध उपयोगी, अच्छी स्थिति वाली पुरानी पुस्तकें जैसे शैक्षणिक, साहित्यिक, प्रतियोगी परीक्षा, सामान्य ज्ञान, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति आदि से संबंधित पुस्तकें दान कर इस जनहितकारी अभियान में अपनी सहभागिता निभाएं. उपायुक्त ने कहा कि पुस्तक दान केवल किताबें देने का कार्य नहीं है, बल्कि यह ज्ञान के विस्तार और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य निर्माण में एक महत्वपूर्ण योगदान है. समाज के प्रत्येक वर्ग से इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपेक्षा की जाती है. (नीचे भी पढे़ं)
सभी शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील है, ताकि डीएम लाइब्रेरी को एक समृद्ध और उपयोगी ज्ञान केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके. पुस्तक दान के अभियान में शामिल नागरिकों के उदार पहल के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए, सभी पुस्तक दाताओं के नाम पूर्वी सिंहभूम लाइब्रेरी में स्थापित सम्मान पट्टिका (लाइब्रेरी प्लैक) पर अंकित किए जाएंगे. इसके अतिरिक्त, विशेष रूप से उल्लेखनीय योगदान देने वाले दाताओं के सम्मान में पुस्तकालय के चयनित कक्षों एवं पुस्तकों की अलमारियों का नामकरण भी किया जाएगा. दस या उससे अधिक पुस्तकें दान करने वाले व्यक्तियों को एक वर्ष की निःशुल्क लाइब्रेरी सदस्यता प्रदान की जाएगी, जबकि सौ या उससे अधिक पुस्तकें दान करने वाले व्यक्तियों को आजीवन निःशुल्क लाइब्रेरी सदस्यता प्रदान की जाएगी. (नीचे भी पढे़ं)
इसके साथ ही, इच्छुक दाताओं को भविष्य में पुस्तक एवं पुस्तकालय से जुड़े विविध संवाद, शैक्षणिक पहलों एवं साहित्यिक उत्सवों में सक्रिय सहभागिता से भी जोड़ा जाएगा. यह जनोपयोगी पहल पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन के पूर्ण समर्थन एवं प्रोत्साहन से संचालित की जा रही है, जो क्षेत्र में शिक्षा, साक्षरता तथा सुदृढ़ पठन संस्कृति को बढ़ावा देने को लेकर प्रतिबद्ध है. नागरिक पुस्तकें जमा करने के लिए जेएनएसी कार्यालय – राज गौरव सिंह (मो. 6299590266), डीएम लाइब्रेरी, साकची – अश्विनी गुप्ता (मो. 6201354621), टाउन हॉल, सिदगोड़ा – सुरेश गुप्ता (मो. 9905504807), ईसीसी फ्लैट, कदमा – योगेश राणा (मो. 9031065077), बिष्टुपुर सामुदायिक भवन (चिन्मया विद्यालय के नजदीक) – कुलदीप भगत (मो. 8969678359) से संपर्क कर सकते है.











