सरायकेला : सरायकेला खरसावां ज़िलें के चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बाईपास रोड स्थित घोड़ानेगी पुलिया के पास शुक्रवार कि रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. ट्रेलर और बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. मृतकों की पहचान नरगाडीह गांव निवासी धनंजय सरदार और सुमन सिंह सरदार के रूप में की गई है. वहीं इस दुर्घटना में ठाकुर सिंह सरदार (18 वर्ष), पिता मोहन सिंह सरदार, गंभीर रूप से घायल हो गया. तीनों युवक चांडिल थाना क्षेत्र के नरगाडीह गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं. घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल भेजा गया.

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने धनंजय और सुमन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल ठाकुर सिंह का इलाज जारी है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. इस संबंध में चांडिल थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है. उन्होंने कहा कि सड़क हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की प्रमुख वजह माना जा रहा है. स्थानीय लोगों ने चांडिल न्यू बाईपास रोड पर लगातार हो रहे सड़क हादसों पर गहरी चिंता जताई है. लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं.











