
जमशेदपुर : टाटा स्टील खेल विभाग के तत्वावधान में प्रबंधन एवं यूनियन के बीच एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का सफल आयोजन किया गया. इस आयोजन का उद्देश्य आपसी सौहार्द, टीम भावना तथा स्वस्थ कार्य-संबंधों को और मजबूत करना रहा. मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए मैनेजमेंट इलेवन ने 15 ओवर में 91 रन बनाए. टीम की ओर से रवि रंजन ने 27 रन एवं संतोष सिन्हा ने 14 रन का योगदान दिया. यूनियन इलेवन की ओर से सुमन पांडेय ने 3 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया. (नीचे देखे पूरी खबर)

जवाब में यूनियन इलेवन ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 12.5 ओवर में 5 विकेट खोकर 92 रन बनाकर मैच अपने नाम किया. यूनियन की ओर से अभिनंदन सिंह ने 26 रन, निशांत ने 24 रन तथा बालाजी भगत ने 13 रन बनाए. पुरस्कार वितरण से पूर्व एक छोटा मैत्रीपूर्ण मैच भी खेला गया, जिसमें वीपी (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रमण, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू, उपाध्यक्ष शैलेश सिंह तथा सीएचआरओ जुबिन पालिया ने स्वयं भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया. (नीचे देखे पूरी खबर)

कार्यक्रम की गरिमा कंपनी सेक्रेटरी श्री पार्वतीसम कंचिनाधम की उपस्थिति से और बढ़ी. अपने संबोधन में डीबी सुंदर रमण ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि खेल तनाव कम करने और आपसी संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. वहीं टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नू ने खेल विभाग एवं संयुक्त खेल समिति को सफल आयोजन के लिए बधाई दी और सभी प्रतिभागियों के सक्रिय योगदान की सराहना की. (नीचे देखे पूरी खबर)

धन्यवाद ज्ञापन यूनियन के उपाध्यक्ष संजय सिंह द्वारा दिया गया. इस सफल आयोजन के मुख्य आयोजक मुकुल विनायक चौधरी, मनीष सिन्हा, संजय मिश्रा, एवं फिरोज खान रहे. मैच के पुरस्कार इस प्रकार रहे : • सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज: अभिनंदन सिंह (यूनियन)• सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज: सुमन पांडेय (यूनियन)• सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक: संजय सिंह (यूनियन)• मैन ऑफ द मैच: रवि रंजन (मैनेजमेंट)











