जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र में रविवार सुबह सड़क किनारे एक लेडीज बैग पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों ने बैग देख कर सतर्कता बरतते हुए तुरत गोलमुरी पुलिस को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर पहुंची पुलिस की टीम ने सुरक्षा की दृष्टि से बैग की गहन जांच की. जांच के दौरान बैग के भीतर कुछ जरूरी कागजात मिले, जिनके आधार पर उसकी धारक की पहचान लीला दास (उम्र लगभग 60 वर्ष) के रूप में हुई. कागजात में दर्ज पते और मोबाइल नंबर के सहारे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनसे संपर्क किया और उन्हें थाना बुलाया गया. थाने में पहचान की पुष्टि के बाद उन्हें बैग सुरक्षित सौंप दिया गया. (नीचे भी पढ़ें)
बैग में करीब ढाई हजार रुपये नकद, एक मोबाइल फोन तथा अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित पाए गए. अपना खोया हुआ बैग वापस पाकर लीला दास भावुक हो उठीं. उन्होंने पुलिस का आभार जताते हुए कहा कि बैग में रखे कागजात और मोबाइल उनके लिए बेहद जरूरी थे, जिनके खो जाने से उन्हें भारी परेशानी हो सकती थी. इस पूरे घटनाक्रम से पुलिस की तत्परता एवं निष्ठा एक बार फिर सामने आई है. स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए इसे भरोसे और संवेदनशीलता का उदाहरण बताया.



