जमशेदपुर : जमशेदपुर में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने और रात्रि गश्त की वास्तविक स्थिति जानने के लिए गुरुवार देर रात जिले के एसएसपी पीयूष पांडेय स्वयं सड़कों पर उतरे. औचक निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की गंभीर लापरवाही सामने आई, जिस पर एसएसपी ने तत्काल कड़ी कार्रवाई की. निरीक्षण के दौरान मरीन ड्राइव पर तैनात पीसीआर-11 में पदस्थापित एएसआइ रौशन गुड़िया, हवलदार नंदलाल मुंडा और चालक हरेंद्र कुमार वाहन खड़ा कर सोते पाए गए. इसी तरह स्टेशन चौक पर पीसीआर-9 में तैनात एएसआइ संजय इंदुवार भी ड्यूटी के दौरान सोते मिले. इसके अलावा जुगसलाई थाना के गश्ती वाहन में तैनात दारोगा तिर्की और हवलदार कृष्णा रजक को भी सोते हुए पाया गया. ड्यूटी में घोर लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी पीयूष पांडेय ने सभी सात पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करते हुए लाइन क्लोज कर दिया. वहीं होमगार्ड चालक हरेंद्र कुमार को भी विभाग से क्लोज किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
एसएसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है. उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में शहर में रात्रि अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हुई है. टेल्को थाना क्षेत्र में हाल ही में हत्या की दो घटनाएं सामने आई हैं, जबकि विभिन्न इलाकों में चोरी की वारदातों में भी इजाफा हुआ है. ऐसे में एसएसपी का यह कदम पुलिस कर्मियों को कर्तव्यनिष्ठा का कड़ा संदेश माना जा रहा है.



