जमशेदपुर: सरायकेला- खरसावां जिले के आदित्यपुर में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर इलाके में सक्रिय असामाजिक तत्वों के मंसूबों पर पानी फेर दिया है. यह कार्रवाई 16 जनवरी 2026 को दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर की गई. आदित्यपुर बस्ती निवासी दीपक मिश्रा ने एक युवक द्वारा धमकी देने और अवैध हथियार रखने की सूचना पुलिस को दी थी. शिकायत के बाद आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 19/26 के तहत आर्म्स एक्ट एवं भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया.मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी व गुप्त सूचना के आधार पर 17 जनवरी को ओल्ड विद्युत नगर इलाके में छापेमारी की.(नीचे भी पढ़े)
इस दौरान पुलिस ने राहुल पंडित (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी में उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक स्मार्टफोन बरामद किया गया.पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर सामने आया कि राहुल पंडित का आपराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2023 और 2024 में भी उसके खिलाफ आदित्यपुर थाने में कई गंभीर मामले दर्ज हैं. पुलिस प्रशासन ने बताया कि आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है. पुलिस को आशंका है कि राहुल किसी संगठित गिरोह से जुड़ा हो सकता है. गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है.



