हुसैनाबाद (पलामू) : केंद्र सरकार द्वारा हाल ही में लागू किए गए यूजीसी के नए नियमों के विरोध में मंगलवार को हुसैनाबाद में जोरदार जनाक्रोश देखने को मिला. प्रेमतोष कुमार सिंह ‘गुड्डू’ के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग पूर्वाह्न 10 बजे अंबेडकर चौक पर एकत्र हुए और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध-प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने यूजीसी के नए नियमों को शिक्षा व्यवस्था, सामाजिक न्याय और आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ बताते हुए इसकी कड़ी शब्दों में निंदा की. वक्ताओं का कहना था कि यह नियम उच्च शिक्षा को सीमित वर्गों तक समेटने की साजिश है, जिससे आम, गरीब और वंचित तबके के छात्रों का भविष्य खतरे में पड़ जाएगा. (नीचे भी पढ़े)
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से यूजीसी बिल को अविलंब वापस लेने की मांग की. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन अनुमंडल पदाधिकारी को सौंपकर उन्हें अपनी मांगों से अवगत कराया. इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जनभावनाओं की अनदेखी की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. कार्यक्रम के अंत में एकजुट होकर शिक्षा और संविधान की मूल भावना की रक्षा का संकल्प लिया गया. इस विरोध-प्रदर्शन में विभिन्न सामाजिक संगठनों, छात्र-युवाओं और आम नागरिकों की काफी अच्छी भागीदारी रही.



