रामगढ़ : रामगढ़ जिले में पैंकी गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर हुए भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत की खबर से पूरे राज्य में शोक की लहर व्याप्त हो गई है. इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुःख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हादसे को अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक बताते हुए दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों के प्रति गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी में दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है. मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि मारांग बुरू दिवंगत लोगों की आत्मा को शांति प्रदान करें और उनके परिवारों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही. घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उन्हें समय पर उचित इलाज मिल सके. रामगढ़ में हुई इस भीषण दुर्घटना ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है. मुख्यमंत्री की ओर से व्यक्त की गई संवेदना दुख की इस घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति एकजुटता का संदेश देती है.











