मेदिनीनगर : सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर नुक्कड़ नाटक के द्वारा जागरूकता अभियान चलाया गया. इस दौरान छह मुहानी चौक, बैरिया चौक, शाहपुर बस स्टैंड एवं बिस्फुटा चौक पर नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेलमेट के वाहन चलाने एवं ट्रिपल राइडिंग करने वाले लोगों को फूल माला पहनाकर जागरूक किया गया. साथ ही, उन्हें यह संदेश दिया गया कि यदि वे अपनी सुरक्षा के प्रति लापरवाह रहेंगे और हेलमेट का उपयोग नहीं करेंगे, तो कहीं ऐसा न हो कि भविष्य में उनकी तस्वीर पर ही माला चढ़ानी पड़े. (नीचे भी पढ़ें)

इस प्रतीकात्मक पहल के माध्यम से लोगों को हेलमेट पहनने और सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व का एहसास कराया गया. कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा सेल के सदस्यों एवं पुलिस पदाधिकारियों द्वारा हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग, ड्रंक एंड ड्राइव तथा यातायात नियमों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही, यातायात नियमों के उल्लंघन से होने वाली दुर्घटनाओं एवं उनके दुष्परिणामों के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया. (नीचे भी पढ़ें)

अभियान का उद्देश्य लोगों में यह भावना विकसित करना था कि सड़क सुरक्षा केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं एवं उनके परिवार की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है. प्रतीकात्मक रूप से माला पहनाकर नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों को यह संदेश दिया गया कि यातायात नियमों का पालन जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है.
सड़क सुरक्षा सेल के प्रबंधक विनीत कुमार एवं ट्रैफिक प्रभारी रुद्रानंद सरस ने सभी वाहन चालकों एवं आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करें तथा सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि जीवन अनमोल है, इसे लापरवाही के कारण व्यर्थ न गंवाएं.












