जमशेदपुर: सामाजिक उत्थान और संगठन निर्माण के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना महासभा के संस्थापक एवं मुख्य संरक्षक डॉ एमएस सिंह “मानस” को कोलकाता में आयोजित एक गरिमामय समारोह में ‘वीर कुंवर सिंह सम्मान’ से सम्मानित किया गया. यह सम्मान रविवार को हावड़ा स्थित अग्रसेन स्ट्रीट में आयोजित समारोह में प्रतिष्ठित लेखक डॉ हृदय नारायण सिंह ‘अभिज्ञात’, पूर्व कुलपति प्रो डॉ सोमा बन्दोंपाध्याय, विख्यात रंगकर्मी उमा झुनझुनवाला, अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज, कोलकाता के अध्यक्ष शेखर सिंह, तथा पश्चिम बंगाल वीरांगना की अध्यक्ष एवं सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका प्रतिभा सिंह एवं उनकी टीम द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया. समारोह में समाजसेवियों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही. गौरतलब है कि डॉ. मानस ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर सामाजिक जागरूकता और महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से अंतर्राष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना महासभा की स्थापना की. आज यह संगठन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर क्षत्राणियों का एक सशक्त और प्रतिष्ठित मंच बन चुका है. (नीचे भी पढे़ं)

यह संगठन भारत के 20 से अधिक राज्यों में सक्रिय है और इसके साथ-साथ संयुक्त राज्य अमेरिका, नेपाल, ऑस्ट्रेलिया और ओमान जैसे देशों में भी क्षत्राणियों को संगठित कर सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक क्षेत्र में जागरूकता फैलाने का कार्य कर रहा है. डॉ एमएस सिंह मानस को यह सम्मान समाज सेवा, संगठनात्मक नेतृत्व तथा महिलाओं को संगठित कर उन्हें सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के उनके निरंतर प्रयासों के लिए प्रदान किया गया. डॉ मानस इसके अलावा अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री और भारतीय तरुण संघ के अध्यक्ष और कई सामाजिक संगठनों के संस्थापक भी रहे हैं और वर्तमान में टाटा स्टील की मान्यताप्राप्त टाटा वर्कर्स यूनियन में इंडस्ट्रियल रिलेशन्स के फैकल्टी के रूप मे अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उन्होंने टाटा स्टील और यहां के श्रम आंदोलन पर शोध कर कई पुस्तकें भी लिखी है. इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने डॉ. मानस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका प्रयास समाज में जागरूकता, एकता और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है.

















