रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में झारखंड विधानसभा की महिला सदस्यों ने मुलाकात की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उपस्थित सभी महिला सदस्यों को सम्मानित किया और राज्य के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया. मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अनेक योजनाएं संचालित कर रही है. (नीचे भी पढे़ं)
इस दौरान विधानसभा की महिला सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं दीं और राज्य में महिलाओं के उत्थान, सुरक्षा तथा सशक्तिकरण से संबंधित विषयों पर अपने सुझाव साझा किए. दूसरी ओर, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से झारखंड विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने शिष्टाचार भेंट की. इस अवसर पर श्री कुमार ने मुख्यमंत्री को विभाग के आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट की प्रति भेंट की. प्रधान सचिव ने मुख्यमंत्री को वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान विभागीय कार्यों की प्रगति प्रतिवेदन, तथा वर्ष 2026-27 के लिए तैयार की गई योजनाओं एवं कार्यक्रमों की रूपरेखा से अवगत कराया.

















