जमशेदपुर : जमशेदपुर महानगर के भाजपा अध्यक्ष के तौर पर संजीव सिन्हा का पदस्थापन पार्टी ने कर दिया है. अब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष को लेकर चर्चा शुरू हो गयी है. सूत्रों के मुताबिक, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो के बेटे कुणाल महतो को जमशेदपुर महानगर का भाजयुमो जिला अध्यक्ष नियुक्त करने की तैयारी की गयी है. उसके नाम को फाइनल कर लिया गया है. कुणाल महतो की जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो की ओर से की जा रही लांचिंग के तौर पर देखा जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि विद्युत वरण महतो ने अपने बेटे के लिए बहरागोड़ा से भाजपा का टिकट का डिमांड किया था. लेकिन चूंकि, वह नये चेहरा थे, इस कारण उनको टिकट नहीं दिया गया था और बहरागोड़ा से भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ दिनेशानंद गोस्वामी को टिकट दे दिया गया था. बताया जाता है कि आदित्य साहू ने लगभग अपनी रजामंदी दे दी है कि कुणाल महतो को अध्यक्ष बनाया जाये. इसको लेकर संगठन के आदेश का इंतजार किया जा रहा है. गौरतलब है कि हाल ही में सत्या तिवारी को भाजपा के जमशेदपुर ग्रामीण (पूर्वी सिंहभूम) का जिला अध्यक्ष मनोनित किया गया है. वे सांसद के ही करीबी है. इसके अलावा संजीव सिन्हा का पदस्थापन में भी सांसद का ही हाथ है. इस कारण यह तय माना जा रहा है कि भाजयुमो का अध्यक्ष भी उनके बेटे को ही बनाया जा सकता है.







