सरायकेला : सरायकेला थाना क्षेत्र के सरायकेला–खरसावां मार्ग पर मुक्ति पोखर के पास शुक्रवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना रात करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है. हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरत पुलिस को इसकी सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया. (नीचे भी पढ़ें)
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान 26 वर्षीय राजू महतो के रूप में हुई है. वह खरसावां प्रखंड के बंदीराम गांव का रहने वाला बताया जा रहा है. बताया जाता है कि राजू महतो अपने दोस्तों के साथ टीउनिया गांव में लगा मेला देखने गया था. मेला समाप्त होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था. उसी दौरान जब वह मुक्ति पोखर के पास पहुंचा, तभी विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक की तेज हेडलाइट उसकी आंखों पर पड़ गई. अचानक तेज रौशनी पड़ने के कारण वह कुछ क्षण के लिए संतुलन खो बैठा और उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई. बाइक असंतुलित होते ही वह सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं.घटना के बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे संभाला और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को पेट्रोलिंग वाहन से उठाकर सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. हादसे में युवक के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय तेज हेडलाइट के कारण इस सड़क पर अक्सर दुर्घटनाएं होने का खतरा बना रहता है।






