चाकुलिया : विधायक समीर कुमार मोहंती ने हरमू स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय कार्यालय में चाकुलिया की जिला परिषद सदस्य धरित्रि महतो एवं उनके पति, पूर्व जिला परिषद सदस्य जगन्नाथ महतो को पार्टी में शामिल कराया. दोनों नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़कर विधायक समीर कुमार मोहंती के नेतृत्व में झामुमो की सदस्यता ग्रहण की. इस अवसर पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद पांडेय ने उन्हें औपचारिक रूप से सदस्यता दिलाई और पार्टी में उनका स्वागत किया. (नीचे भी पढ़ें)
मौके पर विधायक समीर कुमार मोहंती ने कहा कि पार्टी कार्यालय में जन प्रतिनिधियों का लगातार जुड़ना झामुमो की बढ़ती ताकत और जनविश्वास को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि धरित्रि महतो और जगन्नाथ महतो के शामिल होने से चाकुलिया सहित आसपास के क्षेत्रों में संगठन और अधिक मजबूत होगा. मौके पर जगन्नाथ महतो ने कहा कि झामुमो उनके लिए नया नहीं है, उन्होंने अपने पुराने घर में वापसी की है. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना राजनितिक जीवन झामुमो से जुड़कर शुरू किया था, विधायक समीर मोहंती के विकास कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने झामुमो में वापसी की है और सभी को साथ लेकर क्षेत्र में पार्टी और संगठन को और मजबूत बनाने का काम करेंगे.





