चाकुलिया : चाकुलिया प्रखंड की कालियाम पंचायत के जामबनी गांव में बीती रात सात हाथियों के एक झुंड ने भारी उपद्रव मचाया. हाथियों ने एक किराना दुकान का शटर तोड़कर भारी नुकसान पहुंचाया एवं कई किसानों के खेतों में लगी गरमा धान की फसल को नष्ट कर दिया. मुखिया दासो हेंब्रम द्वारा सूचना दिये जाने के बाद वन विभाग की टीम पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा. हाथियों के डर से ग्रामीण दहशत में रहे. (नीचे भी पढ़ें)
हाथियों ने गांव की लखी मुनी हांसदा की किराना दुकान का शटर तोड़ डाला. शटर तोड़कर हाथियों ने दुकान में रखा आलू, चावल, दाल, चीनी आदि को नष्ट कर दिया. इससे लखी मुनी हांसदा को 50 हजार रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है. हाथियों ने गांव के भागवत हांसदा, दिलीप हांसदा, विराम हांसदा, सुनाराम हांसदा और कई अन्य किसानों के खेतों में लगी गरमा धान की फसल को भी पैरों से रौंद कर नष्ट कर दिया है. हाथियों ने रात 12:00 बजे से 3:00 बजे तक गांव में उत्पात मचाया. हाथियों के आने के कारण इस पंचायत क्षेत्र में गरमा धान, तरबूज और सब्जियों की खेती करनेवाले किसान चिंतित हैं. वन विभाग ने हाथियों को सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुंचाया तो क्षेत्र के किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है. क्षेत्र के किसान अपनी फसलों की सुरक्षा को लेकर काफी चिंतित हैं.




