सरायकेला : सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र के टाटा-सरायकेला मार्ग पर कोलाबिरा में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दिया. सूचना मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की तैयारी में जुट गयी. (नीचे भी पढ़ें)

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक (जेएच 05डीइ-3738) सवार सरायकेला की ओर जा रहा था, तभी कोलाबिरा के पास दो ट्रक (जेएच 02एजेड3519 और जेएच 05एसी-9403) ओवरटेक करने के दौरान उसे कुचलते हुए निकल गए. हादसा इतना भीषण था कि शव को बेलचे से उठाना पड़ा. मृतक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर जमशेदपुर के बिरसानगर निवासी रमण कुमार दास के रूप में हुई है. फिलहाल पुलिस लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है.



