रामगोपाल जेना / चक्रधरपुर: चक्रधरपुर के गुदड़ी बाजार एक बार फिर भक्ति रस में सराबोर हो उठा, जब पारंपरिक हरिनाम संकीर्तन का शुभारंभ पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ किया गया. ढोल-मंजीरे की मधुर ध्वनि और ‘हरे राम-हरे कृष्ण’ के जयघोष के बीच वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया.
कार्यक्रम के पहले दिन नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव और उपाध्यक्ष विजय साव ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की, परिक्रमा की और आशीर्वाद लिया. आयोजन समिति ने दोनों जनप्रतिनिधियों सहित सभी अतिथियों का अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल और भी गरिमामय हो उठा. इस अवसर पर अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि यह नौ दिवसीय संकीर्तन केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवित रखते हैं और समाज में शांति व सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं. गौरतलब है कि गुदड़ी बाजार में 1965 से लगातार चैत्र नवरात्र के अवसर पर हरिनाम संकीर्तन का आयोजन होता आ रहा है. इस वर्ष भी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए नौ दिनों तक भक्ति का यह महोत्सव जारी रहेगा. आयोजन में कुल आठ कीर्तन मंडलियां भाग ले रही हैं, जिनमें एक महिला कीर्तन मंडली की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है. कार्यक्रम में वार्ड पार्षद राजू प्रसाद कसेरा, शेष नारायण लाल, प्रताप बर्मन, संजय पासवान, शंभु साव, परमेंद्र चौहान, बप्पी दत्ता, राजेश गुप्ता, धीरज साव, अजय साव, रामप्रकाश साव, नंदलाल साव, बैजनाथ साव, ओम प्रकाश साव, कृष्णा प्रसाद साव, टिंकू प्रधान, कबीर पांडेय, शुभम जायसवाल, अमर शर्मा सहित समिति के कई सदस्य एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे.



