जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे कपाली में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती एक गंभीर घटना सामने आई है. रविवार सुबह करीब 8 बजे, पार्टी पैलेस के पास शमीम नामक युवक अपना मोबाइल इस्तेमाल कर रहा था, तभी पीछे से बाइक पर आये एक बेखौफ बदमाश ने झपट्टा मार कर मोबाइल छीनकर फरार हो गया. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें पीड़ित झपटमार को पकड़ने की नाकाम कोशिश करता दिख रहा है. दिनदहाड़े घटी इस घटना ने स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है, क्योंकि यह सीधे तौर पर अपराधियों के मन से पुलिस का खौफ खत्म हो जाने का प्रमाण है.
सीसीटीवी में कैद यह वारदात कोई सामान्य छिनतई नहीं, बल्कि कपाली पुलिस के गश्ती के दावों पर करारा तमाचा है. आखिर कब तक आम जनता इन झपटमारों के रहमोकरम पर जिएगी और पुलिस केवल एफआइआर की फाइलों में उलझी रहेगी? स्थानीय लोगों का आक्रोश जायज है, क्योंकि जब अपराधी दिन के उजाले में बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, तो साफ है कि कपाली में कानून का खौफ शून्य हो चुका है.




