जमशेदपुर : मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र के मून सिटी स्थित साईं मंदिर के पास रविवार को दिनदहाड़े एक युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला किए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. इस हमले में क्षितिज सिंह नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना लगभग दोपहर 3 बजे की बताई जा रही है. स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल युवक को तुरत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है. (नीचे भी पढ़ें)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश की बात सामने आ रही है. बताया जाता है कि दो दिन पूर्व डिमना चौक पर क्षितिज के मित्र ओम के साथ छिनतई का प्रयास हुआ था. इस दौरान ओम और उसके बड़े भाई ने विरोध किया था, जिसके बाद मामले की शिकायत एमजीएम थाना में दर्ज कराई गई थी. घायल के परिजनों और दोस्तों ने आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी शुभम सिंह, जो एक वार्ड पार्षद का रिश्तेदार बताया जा रहा है, प्रभाव के कारण पुलिस कार्रवाई से बच निकला था. यह भी आरोप है कि थाने से छूटने के बाद उसने ओम को फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी. (नीचे भी पढ़ें)
रविवार को क्षितिज सिंह, ओम की बुलेट मोटरसाइकिल लेकर मून सिटी गया था. इसी दौरान आरोपियों ने बाइक देखकर उसे ओम समझ लिया और घेरकर चापड़ से हमला कर दिया. हमले में उसके सिर पर गंभीर चोट आई और वह घटनास्थल पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा. घटना के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल है. उलीडीह थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू की है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.





