जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय भूमिज टोला गदड़ा में अवैध हथियार के साथ डकैती की योजना बनाते चार अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में परसुडीह के गदड़ा ड्राइवर कॉलोनी का रौशन सिंह उर्फ पाका (30), परसुडीह बारीगोड़ा ग्रामीण बैंक का निवासी रौशन कुमार उर्फ गोलू बंगाली (23), परसुडीह राहरगोड़ा का खटाल निवासी आजाद पाल उर्फ बॉबी पॉल (27) और परसुडीह थाना क्षेत्र का शिवनारायण रजक उर्फ चींटू शामिल है. उनके पास से एक देसी पिस्तौल, तीन जिंदा गोली और तीन विभिन्न कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया गया है. सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कांफ्रेंस कर जानकारी दी. (नीचे भी पढे़ं)

उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि अपराधी परसुडीह के प्राथमिक विद्यालय भूमिज टोला गदड़ा में डकैती की योजना बनाने एवं घटना को अंजाम देने के लिए इकट्ठा हुए है. एसएसपी ने बताया कि ये सभी एक नयी गैंग बना रहे थे. रौशन सिंह तड़ीपार भी है. इसकी लिए छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी के क्रम में रौशन सिंह, रौशन कुमार, आजाद पाल को गिरफ्तार किया गया. तीनो की तलाशी ली गयी, तो एक देसी पिस्तौल और जिंदा गोली मिला. इस कांड में शामिल एक और अभियुक्त शिवानारायण रजक को परसुडीह से गिरफ्तार किया गया. सभी का अपराधिक इतिहास रहा है. फिलहाल चारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है.



