बहरागोड़ा: बहरागोड़ा प्रखंड के जयपुरा स्थित प्लस 2 विद्यालय जयपुरा, मध्य विद्यालय जयपुरा एवं ज्ञानदीप इंग्लिश स्कूल को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की स्थिति जर्जर एवं चिंताजनक है. हल्की बारिश होते ही यह मार्ग पूरी तरह कीचड़ और जलमग्न हो जाता है. जिससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले ग्रामीण और छात्र-छात्राओं को परेशानियों का सामना करना पड़ता है. ग्रामीणों के अनुसार सड़क पर कई बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें वर्षा का पानी भर जाने से सड़क तालाब में तब्दील हो जाता है. इससे न केवल पैदल चलना कठिन हो जाता है, बल्कि साइकिल एवं अन्य छोटे वाहनों का संचालन भी बाधित हो जाता है. विद्यालय आने-जाने के दौरान कई छात्र-छात्राएं फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, जिससे अभिभावकों में भय एवं असंतोष का माहौल है.(नीचे भी पढ़े)
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर संबंधित विभाग एवं प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया है, किंतु अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. परिणामस्वरूप यह मार्ग छात्रों की शिक्षा एवं सुरक्षा दोनों के लिए गंभीर संकट का कारण बन गया है. इस संबंध में स्थानीय ग्रामीणों ने कहा कि जयपुरा मार्ग की स्थिति दिनों-दिन बदतर होती जा रही है. हल्की बारिश में ही सड़क जलमग्न हो जाता है, जिससे स्कूली बच्चों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है. कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, इसके बावजूद प्रशासन की उदासीनता समझ से परे है. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से अविलंब इस सड़क की मरम्मत एवं स्थायी पक्कीकरण कराने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी बाध्य होकर चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.



