चाकुलिया: चाकुलिया के हवाईपट्टी के पास मंगलवार की सुबह माचाडीहा निवासी छात्रा सुकुल सोरेन हाथी के चपेट में आने से बाल बाल बच गयी है. सुकुल सोरेन हाथी से बचने के लिए वह भागने लगी तभी गिरकर घायल हो गई. ग्रामीणों ने शोर मचाकर हाथी को भगाया और छात्रा को बचाया. सूचना पाकर परिजन पहुंचे और घायल छात्रा को उपचार के लिए सीएचसी पहुंचाया. साथ ही साथ हवाई पट्टी पर दो हाथी के होने की सूचना वन विभाग को दी. मिली जानकारी के अनुसार सुकुल सोरेन चाकुलिया मनोहर लाल प्लस टू उच्च विद्यालय की छात्रा है. (नीचे भी पढ़े)
वह सुबह साईकिल से स्कूल जा रही थी तभी हवाईपट्टी के पास दो हाथी के आ जाने से वह घबराकर भागने लगी और गिरकर घायल हो गई. वहीं हवाईपट्टी से सटे जंगल में दो हाथी के होने से ग्रामीण भयभीत हैं. विदित हो कि माचाडीहा, सानघाटी, बड़पाट, जमुआ और राजाबासा गांव के ग्रामीण हवाईपट्टी मार्ग से रोजाना चाकुलिया से आना जाना करते हैं और हाथियों के आने से वे सभी काफी भयभीत हैं. ग्रामीणों ने वन विभाग के पदाधिकारी से मांग किया है कि वे हाथियों को किसी सुरक्षित स्थान तक ले जाएं ताकी लोगों को किसी तरह का नुकसान ना हो.











