जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र के धोबी मोड़ के पास मंगलवार शाम करीब सवा चार बजे उस समय सनसनी फैल गई, जब दो बाइकों पर सवार चार किशोरों के बीच हिंसक झड़प हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक पर सवार दो किशोरों ने दूसरी बाइक पर जा रहे दो अन्य किशोरों पर अचानक हमला कर दिया. हमले से घबरा जाने के कारण दूसरी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई, जिसके बाद दोनों किशोर जान बचाने के लिए भागने लगे. (नीचे भी पढ़ें)
बताया जाता है कि हमलावरों ने उनका पीछा कर उन्हें घेर लिया और चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए. इस हमले में एक किशोर की पीठ पर गंभीर चोट आई, जबकि दूसरे के कान के पास गहरा जख्म हो गया. बीच सड़क पर घटी इस घटना से इलाके में अफरातफरी मच गई और लोग डर के मारे इधर-उधर भागने लगे. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशोरों को तुरत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घटना में शामिल सभी युवक नाबालिग प्रतीत हो रहे थे. प्रारंभिक जांच में मामला किसी लड़की से जुड़े विवाद का बताया जा रहा है. जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले से ही तनाव चल रहा था, जो आज हिंसक घटना में बदल गया. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच जारी है.











