जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला (जमशेदपुर) में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने हेतु जिला चयन समिति द्वारा कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान आवास योजना के निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति, कार्य निष्पादन, प्रगति प्रतिवेदन एवं क्षेत्रीय कार्यों के आधार पर प्रखंड समन्वयकों के कार्यों का मूल्यांकन किया गया. जिला चयन समिति द्वारा की गई समीक्षा में प्रखंड समन्वयक, डुमरिया साजल कुमार खान तथा प्रखंड समन्वयक, गुड़ाबांदा धर्मेन्द्र प्रसाद का कार्य निष्पादन प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत असंतोषजनक एवं अपेक्षित स्तर से कम पाया गया. (नीचे भी पढ़ें)
उक्त परिस्थितियों को देखते हुए जिला चयन समिति की अनुशंसा पर दोनों प्रखंड समन्वयकों की संविदा सेवा समाप्त करने का निर्णय लिया गया है. जिला प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना सरकार की प्राथमिकता वाली योजना है तथा इसके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, उदासीनता अथवा कार्य में शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी. सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को योजना के लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया है.











