रांची : झारखंड की राजधानी रांची के खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित “मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-सह-मुखिया सम्मेलन 2026 (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल)” में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन सम्मलित हुए. इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं अतिथिगणों द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों से मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना अंतर्गत उत्कृष्ट ग्राम पंचायत श्रेणी, श्रेष्ठ ग्राम सभा श्रेणी, उत्कृष्ट और स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति श्रेणी, उत्कृष्ट एवं स्वच्छ और स्वस्थ जिला परिषद श्रेणी में चयनितों को बेहतर कार्य करने निमित्त सम्मान स्वरूप प्रोत्साहन राशि प्रदान कर उनकी हौसला-अफजाई की गई. (नीचे भी पढ़ें)

मौके पर यूआइडीएआइ से संबंधित – सहभागिता की शर्तों की हस्ताक्षरित प्रति का औपचारिक हस्तांतरण संपन्न हुआ, इस एमओयू के माध्यम से ग्राम पंचायतों में आधार कार्ड से संबंधित कार्य ग्रामीणों को उपलब्ध कराया जा सकेगा. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि राज्य के समग्र विकास एवं ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में जनप्रतिनिधियों की भूमिका महत्वपूर्ण है, आप सभी ऐसे लोग हैं जो ग्रामीणों के सबसे करीब रहते हैं. आप सभी लोग ग्राम-पंचायत व्यवस्था का अभिन्न अंग हैं. आपकी कार्य कुशलता से ही राज्य का सर्वांगीण विकास का रास्ता तय किया जा सकता है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का विकास तभी होगा जब गांव का विकास होगा. गांव राज्य के जड़ हैं, जब जड़ मजबूत होगी तभी पेड़ मजबूत होगी. गांव को मजबूत करने की दिशा में हमारी सरकार निरंतर सकारात्मक कार्य कर रही है. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार राजधानी रांची या हेडक्वार्टर से नहीं बल्कि गांवों से चलने वाली सरकार है, क्योंकि विकास की असली नींव गाँवों में ही निहित है. भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती गांवों से शुरू होती है. गाँवों को सशक्त किए बिना राज्य और देश के विकास की कल्पना अधूरी है. सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि योजनाओं का लाभ विकास की राह में खड़े समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे. पहले जहां यह शिकायत मिलती थी कि सुदूरवर्ती क्षेत्रों तक न तो सरकार की आवाज़ पहुंचती थी और न योजनाएं, वहीं अब पंचायत स्तर पर कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान किया जा रहा है और यह प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, रांची में आयोजित “मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार समारोह-सह-मुखिया सम्मेलन 2026 (दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल)” को संबोधित कर रहे थे. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि पंचायत स्तर पर ही विभिन्न सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, जिसमें आधार (यूआइडी) से जुड़े कार्य भी शामिल हैं. इसके लिए एमओयू किया गया है, जिससे ग्रामीणों को गांव के ही कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) में सुविधा मिलेगी और उन्हें बार-बार दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और जनप्रतिनिधियों के बीच निरंतर संपर्क और संवाद बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, संपर्क बना रहने से योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन संभव होता है और समस्याओं का समाधान भी तेजी से किया जा सकता है. (नीचे भी पढ़ें)

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य जनप्रतिनिधि और जनता के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करना भी है. इस अवसर पर मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री डॉ इरफान अंसारी, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सुरेश बैठा, विधायक ममता देवी, विधायक राजेश कच्छप, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, निदेशक पंचायती राज बी राजेश्वरी एवं निदेशक यूआइडीएआइ, आरओ नीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्राम पंचायतों से पहुंचे जनप्रतिनिधि सहित अन्य लोग उपस्थित थे.











