जमशेदपुर : मानगो के डिमना चौक स्थित एमजीएम अस्पताल के पास शुक्रवार शाम को उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब डिमना चौक से पटमदा जा रही एक निजी बस में क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाने के बाद कई लोग बस की छत पर चढ़ गए. यह खतरनाक स्थिति तब सामने आई जब एमजीएम थाना प्रभारी की नजर चलती बस पर पड़ी. छत पर बैठे मजदूरों को देखकर उन्होंने तत्काल वाहन को रुकवाया. (नीचे भी पढ़ें)

बस रुकते ही पुलिस ने सभी मजदूरों को नीचे उतरने का निर्देश दिया. थाना प्रभारी ने मौके पर मौजूद मजदूरों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि इस तरह जान जोखिम में डालकर यात्रा करना गंभीर हादसे को न्योता देना है. साथ ही उन्होंने बस चालक को भी जमकर फटकार लगाई. पुलिस ने बस के कागजात की जांच की और लापरवाही को देखते हुए दस्तावेज जब्त कर लिए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर हलचल बनी रही, लेकिन स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई. चेतावनी देने के बाद पुलिस ने बस को छोड़ दिया. वहीं बस चालक ने सफाई देते हुए बताया कि डिमना चौक से पटमदा तक का किराया मात्र 20 रुपये है और अधिक सवारी के दबाव के कारण मजदूर खुद छत पर बैठ गए थे. पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी.











