जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र के टेल्को जाने वाले मुख्य मार्ग पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गयी जब सिग्नल के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. घटना बुधवार की है प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना ओवरटेक करने के दौरान हुई, जिसमें एक ट्रक (एमएच 15जेसी 8009) और टाटा टियागो कार (जेएच 05 सीजी 4808) आपस में टकरा गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी. घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गयी. कुछ लोग कार में सवार व्यक्तियों को बाहर निकालने में जुट गए, जबकि अन्य लोग स्थिति को समझने और मदद पहुंचाने की कोशिश करते नजर आए. हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित हो गया और सड़क पर लंबा जाम लग गया. मौके पर मौजूद लोगों में आक्रोश और तनाव का माहौल भी देखा गया, हालांकि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण से बाहर नहीं हुई. (नीचे भी पढ़ें)
स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत गोलमुरी थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गयी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके के लिए रवाना हो गयी और यातायात को सामान्य करने तथा भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया. पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है, जिसमें ओवरटेक के दौरान लापरवाही की बात सामने आ रही है. फिलहाल राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली है. हालांकि कार सवारों को हल्की चोटें आने की बात कही जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और जल्दबाजी या ओवरटेक करने से बचें, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.




