चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड की बड़ामारा पंचायत स्थित चौठिया और लोधाशोली पंचायत के लोधाशोली के पास शुक्रवार की शाम चाकुलिया- माटिहाना मुख्य सड़क के किनारे स्थित जंगलों में भीषण आग लग गई. चौठिया के पास जंगल की आग से सड़क पर जा रहे अंडों से लदे छोटा हाथी वाहन भी उस आग की चपेट में आ गया. इससे वाहन पर लदे 120 पेटी अंडे जल गए. सूचना पाकर प्रभारी वनपाल कल्याण महतो, वनरक्षी विप्लव कुमार और भादूराम सोरेन पहुंचे. जंगल में आग लगने की सूचना वन विभाग ने बहरागोड़ा के अग्निशमन केंद्र को दी. इसके बाद दमकल पहुंचा और जंगल और वाहन पर लगी आग बुझाई गई.(नीचे भी पढ़े)

मिली जानकारी के अनुसार किसी शरारती तत्वों ने जंगल में आग लगा दी थी. जंगल में सूखे पत्तों और झाड़ियों के कारण आग ने भीषण रूप धारण कर लिया और आग सड़क के किनारे तक आ पहुंची. इसी दौरान चौठिया के पास सड़क के किनारे जंगल की आग से उड़ती चिंगारी से जामशोला के बालाजी एग फॉर्म से 140 पेटी अंडा लोड कर चाकुलिया आ रहे छोटा हाथी वाहन संख्या डब्लूबी 39 सी 1799 में आग लग गयी. चालक को वाहन पर आग लगने की जानकारी नहीं हुई. दीघी के पास एसजी एग्रो फूड प्रोडक्ट्स नामक मिल के पास संतोष महतो नामक राहगीर ने वाहन चालक को वाहन पर आग लगने की जानकारी दी. (नीचे भी पढ़े)

इसके बाद चालक ने वाहन को रोका. चावल मिल से पानी लेकर वाहन पर लगी आग बुझाई गई. तब तक वाहन पर लदे करीब 120 पेटी अंडे जलकर बर्बाद हो गये. इससे चाकुलिया निवासी दुकानदार मोहम्मद शकील और मोहम्मद मंसूर को करीब 1.50 लाख का नुकसान हुआ है. जंगल की आग से चौठिया स्थित खाटू श्याम उद्योग के पास लगे 200 से ज्यादा सागवान के पेड़ भी झुलस गये. बहरागोड़ा से दमकल की गाड़ी पहुंची और दमकल कर्मियों और वन विभाग के कर्मचारियों ने दोनों जगह पर जंगल में लगी आग पर काबू पाया.



