जमशेदपुर : कांग्रेस ने अपनी टीम में बड़ा बदलाव किया है. कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के पद पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पदस्थापित करते हुए पंजाब का प्रभारी बनाया गया है जबकि डॉक्टर सैयद नासिर हुसैन को जम्मू कश्मीर और लद्दाख का प्रभारी बनाते हुए महासचिव के पद पर स्थापित किया गया है. डॉ सैयद नासिर हुसैन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के कार्यालय में पदस्थापित थे जिनको वहां से मुक्त करते हुए जम्मू कश्मीर और लद्दाख का प्रभाव दिया गया है. झारखंड के कांग्रेस प्रभारी गुलाम अहमद मीर को हटाकर उनकी जगह पूर्व आईएएस के. राजू को झारखंड का नया प्रभारी बनाया गया है. के राजू लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विश्वास पात्र व्यक्ति हैं. (नीचे भी पढ़ें)
आंध्र प्रदेश कैडर के 1981 बैच के आईएएस अधिकारी थे. 2013 में उन्होंने स्वेच्छा से सेवानिवृत्ति (वीआरएस) ली थी. के राजू केंद्र में जब यूपीए की सरकार थी तब सोनिया गांधी के नेतृत्व में गठित राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के सचिव में थे. शिक्षा का अधिकार, मनरेगा, सूचना का अधिकार खाद्य सुरक्षा बिल का ड्राफ्ट तैयार करने में भी उनकी अहम भूमिका थी. इसके अलावा रजनी पाटिल को हिमाचल प्रदेश, बीके हरिप्रसाद को हरियाणा, हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश, गिरीश चौदनकर को तमिलनाडु और पुडुचेरी, अजय कुमार लालू को ओडीशा, मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, सप्तगिरि शंकर इलाका को मणिपुर त्रिपुरा सिक्किम और नागालैंड जबकि कृष्णा अल्लावरु को बिहार का प्रभारी बनाया गया है. इसी तरह कांग्रेस के पूर्व सांसद डॉ अजय कुमार को पार्टी के महासचिव और विभिन्न प्रभार से पद से हटा दिया गया है. उनके साथ दीपक बबरिया, मोहन प्रकाश, भरत सिंह सोलंकी, राजीव शुक्ला और देवेंद्र यादव को महासचिव और प्रभारी के पद से हटाया गया है.



