सरायकेला: घर के बाहर खेल रहे एक आठ वर्षीय मासूम को जहरीले सांप ने काट लिया. घटना सरायकेला थाना अंतर्गत दुगनी कोलढीपी की है. घटना के बाद सर्प दंश के शिकार मासूम को परिजन सदर अस्पताल सरायकेला लेकर आए, जहां उसका उपचार चल रहा है. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार कोलढीपी निवासी नंदू तियू का आठ वर्षीय पुत्र जगरनाथ तियू अपने घर के बाहर बने चबूतरे पर खेल रहा था. चबूतरा के बगल में एक छेद था. बच्चे के खेलने के दौरान उस छेद से एक सांप बाहर निकला और उसके पैर में काट लिया. सांप के काटने से बच्चे के पैर से खून बहने लगा. बच्चा रोता हुआ घर गया और सांप काटने की जानकारी अपने माता पिता को दिया, जिसके बाद उसके परिजन निजी वाहन से उसे लेकर सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचे. जहां उसका उपचार चल रहा है. फिलहाल बच्चे को हालत स्थिर बताई जा रही है.



