जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों ने मानगो के उलीडीह थानांतर्गत डिमना रेसिडेंसी हाउसिंग सोसाइटी के डुप्लेक्स नंबर डी-22 में छापामारी कर वहां चल रही अवैध मिनी शराब फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. छापामार दल ने विदेशी शराब तैयार करने एवं उसको बोतलबंद करने के लिए आवश्यक सारी सामग्रियां बरामद की. जब्त की गई सामग्रियों में स्प्रिट, तैयार शराब, भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें, ढक्कन व बोतल सील करने के लिए कॉर्क, बोतलों पर चिपकाने के लिए विभिन्न ब्रांडों के लेबल, नकली उत्पाद आसंजक, शराब को रंग व फ्लेवर देने में प्रयुक्त कैरेमल एवं 70 पेटियों में रखा मैक्डॉवल, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग रिजर्व, 8पीएम ब्लैक आदि ब्रांडों की बोतलों में बंद शराब भी बरामद की गई है. (नीचे भी पढ़ें)

बताते चलें कि उपायुक्त जमशेदपुर के निर्देश पर जिला आबकारी विभाग के सहायक उत्पाद आयुक्त के नेतृत्व में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए मानगो के उलीडीह थानांतर्गत डिमना रेसिडेंसी के डी 22 डुप्लेक्स में छापामारी की. इस दौरान वहां से भारी मात्रा में अवैध शराब बनाने एवं उसे सील पैक करने के लिए आवश्यक सामग्रियां बरामद की गईं. अधिकारियों ने इस दौरान भागने का प्रयास कर रहे अवैध धंधे के संचालक धीरज कुमार सिंह को भी धर दबोचा. (नीचे भी पढ़ें)
अधिकारियों ने छापामारी में करीब 140 लीटर अवैध स्प्रिट, पेटियों में रखी करीब 530 लीटर अवैध विदेशी शराब एवं 100 लीटर के करीब तैयार शराब बरामद की है, जिनका बाजार मूल्य करीब 15,00,000 रुपये आंकी जा रही है. विभागीय अधिकारियों ने मिनी विदेशी शराब फैक्ट्री के संचालक धीरज कुमार सिंह एवं इस धंधे में उनके साथ संलग्न अन्य आरोपिटों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया आरंभ कर दी है. छापामार दल में उत्पाद विभाग, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर की सहायक आयुक्त, निरीक्षक प्रेम प्रकाश, निरीक्षक रामदास भगत, अवर निरीक्षक ओम प्रकाश, उत्पाद आरक्षी तथा गृहरक्षा वाहिनी के जवान शामिल रहे.



