जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के श्रीगुट्टू में शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई. मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के बलरामपुर सालबनी निवासी विश्वनाथ सिंह सरदार (62) के रूप में हुई है. वह जमशेदपुर के पलासबनी ईंट भट्टा में काम करता था और वहीं रहता था. शनिवार को होली की छुट्टी होने के कारण वह डेमकाडीह पैदल ही घुमने गया था. वापसी के क्रम में एनएच-33 स्थित श्रीगुट्टू के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे विश्वनाथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया. (नीचे भी पढ़े)
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे एमजीएम अस्पताल पहुंचाया. अस्पताल में इलाज के क्रम में उसकी मृत्यु हो गई. इधर, जानकारी मिलने पर मृतक का दामाद कृष्णा सिंह सरदार शहर पहुंचा और शव को रविवार को पोस्टमार्टम के बाद अपने साथ ले गया. बता दें कि विश्वनाथ सिंह की एक बेटी थी जिसका विवाह पूर्व में हो चुका है. अब घर में उसकी पत्नी बची है, जिसका रो-रो कर बुरा हाल है.



