जमशेदपुर : टाटा स्टील गम्हरिया को प्रतिष्ठित जापान इंस्टीच्यूट ऑफ प्लांट मेंटेनेंस (जेआइपीएम) एक्सीलेंस अवार्ड 2024 का सम्मान मिलेगा. जापान के क्योटो इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में आयोजित समारोह में टाटा स्टील गम्हरिया को ट्रॉफी औपचारिक रूप से सौंपी जायेगी. टाटा स्टील गम्हरिया के प्लांट हेड रंजन कुमार सिंह, चीफ डॉ टी भाष्कर और टाटा कामगार यूनियन के अध्यक्ष बीके डिंडा जापान जाने वाले है. वे लोग 19 मार्च को जापान के लिए रवाना होंगे. 21 मार्च को आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह सम्मान दिया जायेगा. जेआइपीएम एक्सीलेंस अवार्ड, जो टोटल प्रोडक्टिव मेंटेनेंस (टीपीएम) में उत्कृष्टता के प्रति टीम की अटूट प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रमाण है. यह उपलब्धि कंपनी की टीपीएम यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है. इसमें कई उल्लेखनीय उपलब्धियां शामिल हैं. (नीचे भी पढ़ें)
जनवरी 2020 में टीपीएम का पुनः लांच किया गया था. सितंबर 2022 में सीआइआइ टीपीएम स्ट्रां कमिटमेंट अवार्ड प्राप्त करना, मई 2023 में सीआइआइ टीपीएम सिग्निफिकेंट अचीवमेंट अवार्ड प्राप्त करना, जून 2024 में जेआइपीएम फर्स्ट-स्टेज टीपीएम असेसमेंट प्राप्त करना, जनवरी 2025 में जेआइपीएम सेकेंड-स्टेज टीपीएम असेसमेंट सफलतापूर्वक पूरा करना शामिल है. यह प्रतिष्ठित सम्मान टाटा स्टील की टीपीएम मैन्युफैक्चरिंग प्रक्रियाओं के प्रति प्रतिबद्धता और टीपीएम में उत्कृष्टता की निरंतर खोज को और मजबूत करता है. यह उपलब्धि टाटा स्टील गम्हरिया के कर्मचारियों में नयी ऊर्जा का संचार करेगी. (नीचे भी पढ़ें)
इस उपलब्धि पर टाटा कामगार यूनियन के अध्यक्ष बीके डिंडा ने कहा कि मैनेजमेंट की दूरदर्शिता का यह नतीजा है कि इस तरह की सफलता मिली है. टीपीएम ने हमारे संयंत्र की कार्यक्षमता और कर्मचारियों की भागीदारी को एक नई ऊंचाई दी है. यह पुरस्कार सभी कर्मचारियों और प्रबंधन की संयुक्त मेहनत का परिणाम है. हम इस सफलता को बनाए रखने के लिए निरंतर सुधार की दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे. श्री डिंडा पुराने और सीनियर मजदूर नेता है और टाटा कामगार यूनियन के अध्यक्ष है, जो टाटा स्टील गम्हरिया (अधिग्रहित उषा मार्टिन) की अधीकृत यूनियन है. वे इससे पहले टाटा वर्कर्स यूनियन के महामंत्री, सहायक सचिव समेत 40 साल से मजदूरों की जुबान बने हुए है.



