जमशेदपुर : टाटा स्टील फाउंडेशन ने सरायकेला-खरसावां जिले के दुग्धा पंचायत स्थित मिडिल स्कूल, दुग्धा में कौशलयान का उदघाटन किया. यह ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर) और वर्चुअल रियलिटी (वीआर) पर आधारित मोबाइल लर्निंग पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को तकनीक के माध्यम से सीखने के नए अवसर प्रदान करना है. उदघाटन समारोह में स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि, स्कूल के अधिकारी, विद्यार्थी और अभिभावक उपस्थित थे. इस अवसर पर दुग्धा पंचायत के मुखिया मोहन बास्के सहित वार्ड सदस्य लक्ष्मी मुर्मू, अपर्णा प्रमाणिक और कल्पना चटर्जी मौजूद थीं. टाटा स्टील फाउंडेशन की ओर से इस अवसर पर गम्हरिया के सीएसआर हेड सत्य नारायण नंदा और फाउंडेशन के अन्य अधिकारी उपस्थित थे.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम में मिडिल स्कूल, दुग्धा के प्रधानाचार्य सागर चंद्र महतो, शिक्षकगण, लगभग 45 विद्यार्थी और उनके अभिभावक भी शामिल हुए. कौशलयान एक मोबाइल एआर व वीआर लर्निंग वैन है, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए शिक्षा को अधिक रोचक, संवादात्मक और सुलभ बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है. आधुनिक तकनीक के माध्यम से यह पहल जटिल विषयों को सरलता से समझने और सीखने के बेहतर परिणाम हासिल करने में मदद करेगी. विशेष रूप से विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित (एसटीईएम) विषयों में विद्यार्थियों की समझ बढ़ाने के साथ-साथ बच्चों में डिजिटल साक्षरता को भी प्रोत्साहित करेगी. (नीचे भी पढ़े)

सभा को संबोधित करते हुए मिडिल स्कूल, दुग्धा के प्रधानाचार्य सागर चंद्र महतो ने युवाओं और समुदायों को सशक्त बनाने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला. बालिका शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यदि बेटियां पढ़ेंगी, तो झारखंड की धरती सोना उगलेगी. कार्यक्रम को विद्यार्थियों, अभिभावकों और समुदाय के सदस्यों का उत्साहपूर्ण समर्थन मिला. उन्होंने अपने क्षेत्र में आधुनिक शिक्षण तकनीकों की शुरुआत का स्वागत किया. (नीचे भी पढ़े)

उपस्थित लोगों ने शैक्षिक असमानताओं को दूर करने और ग्रामीण विद्यार्थियों को सीखने के नए एवं नवाचारपूर्ण तरीकों से परिचित कराने के लिए टाटा स्टील फाउंडेशन के प्रयासों की सराहना की. दुग्धा में कौशलयान का उद्घाटन इस पहल को क्षेत्र के अन्य इलाकों तक पहुंचाने की व्यापक योजना का हिस्सा है. फिलहाल यह कार्यक्रम कालिकापुर पंचायत में संचालित किया जा रहा है, जबकि बुरुडीह पंचायत में इसे सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है. इस पहल के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक आधुनिक डिजिटल शिक्षण के लाभ पहुंचाए जा रहे हैं.












