जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी गुरुवार को शाम 7:30 बजे अपने घरेलू मैदान जमशेदपुर के जेआरडी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले जाने वाले इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) 2024-25 के दूसरे सेमीफाइनल के पहले चरण के मुकाबले में मोहन बागान सुपर जायंट का सामना करने के लिए तैयार है. ये दोनों टीमें पहली बार प्लेऑफ में भिड़ने जा रही है. एमबीएसजी आईएसएल लीग शील्ड जीतने के कारण पहले ही अंतिम-चार में पहुंच गई थी, जबकि रेड माइनर्स ने सिंगल-लेग नॉकआउट मुकाबले में नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 2-0 से हराकर डबल-लेग सेमीफाइनल में जगह बनाई है. जमशेदपुर एफसी को आईएसएल में मोहन बागान सुपर जायंट के खिलाफ अपने पिछले छह मैचों में कोई जीत नहीं मिली है और इस दौरान चार हार का सामना करना पड़ा है. दूसरी ओर, एमबीएसजी पिछले छह अवे मैचों में अपराजित रही है, जिसमें उसने तीन बार जीत हासिल की है और 13 गोल किए हैं, जबकि केवल तीन गोल खाए हैं. (नीचे भी पढ़े)

जमशेदपुर एफसी सेमीफाइनल मुकाबले में मजबूत शुरुआत करके फायदा उठाना चाहेगी, लेकिन उसने यहां अपने पिछले दो घरेलू मैच हारे हैं. जमशेदपुर एफसी ने साल 2025 की शुरुआत से अब तक सबसे अधिक गोल (22) किए हैं, जो मोहन बागान सुपर जायंट (21) से एक ज्यादा है. वैसे, एमबीएसजी के नाम अब तक सबसे ज्यादा 47 गोल हैं. एमबीएसजी ने अपने पिछले छह आईएसएल प्लेऑफ मैचों में से केवल एक ही मैच नियमित या अतिरिक्त समय (3 ड्रा, 2 हार) में जीता है, जिसमें पिछले सीजन के फाइनल में मुम्बई सिटी के हाथों 1-3 से हार भी शामिल है. हेड कोच जोस मोलिना 2016 में एटीके के साथ अपने कार्यकाल से आईएसएल प्लेऑफ (1 जीत, 2 ड्रा) में अपराजित हैं. आईएसएल में दोनों टीमों के बीच 10 मुकाबले हुए हैं. एमबीएसजी ने पांच बार जीत हासिल की है जबकि जमशेदपुर एफसी ने तीन मैच जीते हैं. दो मुकाबले ड्रा रहे हैं. रेड माइनर्स के मुख्य कोच खालिद जमील मैच से पहले आशावादी नजर आए. उन्होंने कहा कि हमें अभी दो चरण खेलने हैं और हमारा सामना एक बहुत अच्छी टीम से है. हम सकारात्मक हैं, क्योंकि हम अपने घरेलू मैदान पर खेलने जा रहे हैं, और हमें सकारात्मक परिणाम के बारे में सोचना चाहिए.(नीचे भी पढ़े)
मोहन बागान सुपर जायंट के स्पेनिश हेड कोच जोस मोलिना ने आईएसएल कप जीतने को लेकर अपनी टीम की प्रतिबद्धता की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि हम तैयार हैं और हम आईएसएल कप जीतना चाहते हैं। हम इस सीजन से बेहद खुश हैं, लेकिन हम कप भी जीतना चाहते हैं. जमशेदपुर एफसी के जावी हर्नांडेज (29 गोल और 19 असिस्ट) आईएसएल में 50 गोल का आंकड़ा छूने से सिर्फ दो गोल योगदान दूर हैं. मोहन बागान सुपर जायंट के जैसन कमिंग्स ने अपने पिछले दो अगले मैचों में से प्रत्येक में असिस्ट दिया है. वह एक और गोल में सहायता करते ही आईएसएल के इतिहास में लगातार तीन अवे मैचों में असिस्ट करने वाले पहले क्लब खिलाड़ी बन जाएंगे. उन्होंने इस सीजन में चार गोल किए हैं और छह में सहायता की है. जमशेदपुर एफसी के मुहम्मद उवैस ने 75% सटीकता के साथ प्रति मैच 27 पास दिए, 12 ब्लॉक बनाए, 37 टैकल जीते, साथ ही 21 हवाई द्वंद्व जीते, 13 गोल स्कोरिंग मौके बनाए हैं. इस मैच को लेकर लोगों में रोमांच है और वे लोग उत्साहित है. इसको लेकर टिकट को लेकर मारामारी चल रही है.














