जमशेदपुर : सिंहभूम चैम्बर के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष विजय आनंद मूनका के नेतृत्व में झारखण्ड सरकार की मुख्य सचिव अलका तिवारी से उनके कार्यालय में मुलाकात कर उनके साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की. प्रतिनिधिमंडल ने इस दौरान जमशेदपुर में एयरपोर्ट की अति आवश्यकता की ओर मुख्य सचिव का ध्यान आकृष्ट कराते हुए श्री मूनका ने उन्हें बताया कि सौ साल पूर्व स्थापित जमशेदपुर स्टील सिटी और झारखंड की औद्योगिक राजधानी के रूप में जाना जाता है, किन्तु आज भी इसका समग्र विकास नहीं हो पाने के कारण नये निवेशक यहां नहीं आ रहे हैं. उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट नहीं होने से यहां के लोगों को कई अन्य समस्याओं से भी जूझना पड़ता है. इसके मद्देनजर उन्होंने जमशेदपुर में एयरपोर्ट निर्माण में आ रही बाधाओं को दूर कर इसका निर्माण कार्य आगे बढ़ाने की अपील की. इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने टाटा कमांड एरिया में विगत कुछ वर्षों से दुकान/ मकान/ जमीन/ फ्लैट्स आदि का निबंधन बंद होने की चर्चा करते हुए कहा कि इसके कारण एक ओर लोग यहां की कीमती संपत्तियां खरीदने में हिचक रहे हैं, वहीं दूसरी ओर इसी के कारण यहां निर्माण के अनेक काम भी धीमी गति से चल रहे हैं, जिससे राज्य सरकार को भी राजस्व की भारी हानि हो रही है और जमशेदपुर का विकास भी प्रभावित हो रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उपाध्यक्ष पुनीत कांवटिया ने मुख्य सचिव से शहर की जमीनों व मकानों के सर्वे का मुद्दा उठाते हुए कहा कि शहर के गैर टाटा कमांड एरिया के क्षेत्रों, जैसे मानगो, जुगसलाई, आदि में पिछले 100 वर्षों से लोग अपने परिवार के साथ दो-तीन पीढ़ियों से निवास कर रहे हैं, लेकिन मानगो, जुगसलाई सहित जमशेदपुर के कई स्थानों में अभी भी अधिकांश भूखंड में खतियान अनाबाद बिहार में पंजीकृत दर्शाया गया है. विगत 40-45 वर्षों से यहां कोई सर्वे भी नहीं होने एवं जमीनों के खतियान अनाबाद बिहार में पंजीकृत होने के कारण भूस्वामी मकान होने के बाद भी लोग सरकारी रेकॉर्ड में मकान के मालिक नहीं हैं. मकान होने के बाद भी वे न तो मकान की खरीद-बिक्री कर सकते हैं और ना ही बैंक से ऋण ले सकते हैं, यहां तक कि उसका पुनर्निर्माण करा सकते हैं. इसके मद्देनजर उनसे उक्त क्षेत्रों में जल्द सर्वे कराकर जमीन मालिकों को सत्यापित किया जाना चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
इसी तरह प्रतिनिधिमंडल ने विगत दिनों में घाटशिला अनुमंडल के चाकुलिया प्रखंड क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते उत्पात के कारण औद्योगिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत मजदूरों के साथ ही ग्रामीणों में भी भय का माहौल व्याप्त होने की चर्चा करते हुए इस समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग भी की. उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल ने मुख्य सचिव के समक्ष जमशेदपुर डिवीजन में वाणिज्यकर विभाग अपील एवं प्रशासनिक विभाग के एडीशनल कमिश्नर की पोस्टिंग नहीं होने का मुद्दा उठाया तथा उनका ध्यानाकृष्ट कराते हुए बताया कि कोल्हान के जमशेदपुर सर्किल को छोड़कर किसी भी सर्किल, चाईबासा, अर्बन, आदित्यपुर एवं सिंहभूम में ज्वाइंट कमिश्नर की पोस्टिंग भी नहीं हुई है. इसके कारण बहुत सारे काम पेंडिंग पड़े हैं जिससे व्यवसायियों को काफी परेशानी हो रही है. इसके मद्देनजर मुख्य सचिव से इस ओर त्वरित कदम उठाते हुए जल्द पोस्टिंग कराने की मांग भी की. मुख्य सचिव ने उनकी बातें गंभीरता से सुनने के बाद इन मामलों में आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया.





