पटमदा: पटमदा थाना क्षेत्र के टाटा-पटमदा मुख्य सड़क के बीच ठनठनी घाटी में शुक्रवार को अनियंत्रित एक हाइवा ने 4 बकरी व 2 बैलों को बुरी तरह से रौंद दिया एवं बीच सड़क पर ही पलट गया. इससे घटनास्थल पर ही बकरियों की मौत हो गयी जबकि बैलों की हालत गंभीर बताई जा रही है. सभी मवेशी बामनी टोला महुलडीह के जितेन सोरेन की है जो सड़क पार कर रहे थे. रास्ते से गुजर रहे पटमदा उत्तरी के जिला पार्षद खगेन चंद्र महतो ने घटना के बारे में जानकारी ली और पटमदा थाना प्रभारी को सूचित किया. इस संबंध में जिला पार्षद ने बताया कि हाइवा (संख्या जेएच05बीएस – 9710) पटमदा के बनकुंचिया से गिट्टी लादकर बहरागोड़ा की ओर जा रहा था. (नीचे भी पढ़े)
इस वाहन से नियमित पटमदा में बालू लाया जाता है और लौटते वक्त गिट्टी ले जाया जाता है. इस घटना में पशुपालक जितेन सोरेन को करीब एक लाख की संपत्ति का नुकसान हुआ है. घटना में खलासी को चोट लगने पर उसे गाड़ी से निकालकर चिकित्सा हेतु माचा स्थित सीएचसी अस्पताल भेज दिया गया है. जबकि हाइवा चालक फरार हो गया है. घटना के बाद मुख्य सड़क पर काफी खून बहा है एवं तत्काल रास्ता बंद हो गया है. सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंच चुकी है. जिला पार्षद ने पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है.



