जमशेदपुर : जमशेदपुर के कोआपरेटिव कालेज ग्रांउड में आयोजित वेटरन 50 प्लस क्रिकेट टूर्नामेंट में जोश, जुनून और खेल भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला. इस भव्य प्रतियोगिता का आयोजन पैशनेट विटिरंस क्रिकेट क्लब द्वारा किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाना एवं समाज में सकारात्मक संदेश देना था. टूर्नामेंट में कुल तीन टीमों—तेजस, पराक्रम, और शौर्य—ने भाग लिया. प्रतियोगिता का शुभारंभ ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषव गर्ग और उप पुलिस अधीक्षक भोला प्रसाद सिंह के कर-कमलों द्वारा हुआ. विशेष बात यह रही कि दोनों अधिकारियों ने न केवल उद्घाटन किया, बल्कि खिलाड़ी के रूप में भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया, जिससे टूर्नामेंट में जोश और बढ़ गया. उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों के उत्साह और जज़्बे को देखकर सभी अतिथि गदगद हो उठे. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतियोगिता के पहले मैच में तेजस ने पराक्रम को पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया. वहीं दूसरे मुकाबले में शौर्य ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पराक्रम को हराकर फाइनल में जगह बनाई. फाइनल मुकाबला तेजस और शौर्य के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया. आखिरी ओवर तक चले इस रोमांचक मुकाबले में शौर्य ने मात्र तीन रन से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया. (नीचे भी पढ़ें)
पुरस्कार विजेता इस प्रकार रहे: बेस्ट बैट्समैन: मनु दीक्षित – शानदार बल्लेबाज़ी के लिए, बेस्ट बॉलर: भोला प्रसाद बेहतरीन गेंदबाजी के लिए, बेस्ट कैच: महेश झा शानदार कैच पकड़कर सबको चौंका दिया. बेस्ट फील्डर: जीएसआर मुरथी – शानदार क्षेत्ररक्षण के लिए, मैन ऑफ द टूर्नामेंट: विनोद कुमार, निक्सौन – जिनके एक बेहतरीन कैच ने मैच का रुख पलट दिया और जीत की नींव रखी. पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. प्रभात कुमार सिंह (प्रमुख, सांख्यिकी विभाग एवं पूर्व कुलसचिव, जमशेदपुर विमेंस यूनिवर्सिटी) तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक कुमार रवानी (प्रमुख, वाणिज्य विभाग एवं बर्सर, जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज) उपस्थित रहे. दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया और खेल के माध्यम से अनुशासन, सहयोग और नेतृत्व के गुणों के विकास पर बल दिया. (नीचे भी पढ़ें)
इस आयोजन ने यह सिद्ध कर दिया कि उम्र केवल एक संख्या है. वेटरन खिलाड़ियों को इस उम्र में मैदान पर सक्रियता और समर्पण के साथ खेलते देख युवा पीढ़ी भी प्रेरित और उत्साहित हुई. यह टूर्नामेंट केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि फिटनेस, उत्साह और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव का संदेश था. इस संपूर्ण आयोजन का सफल संचालन पैशनेट विटिरंस क्रिकेट क्लब द्वारा किया गया, जिसने पूरे आयोजन को अनुशासित, भव्य और यादगार बनाया.



