रांची : झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग (जेएसइआरसी) ने बुधवार को बिजली की नई दरें जारी कर दी है. पहले इसको लेकर जनसुनवाई हुई थी, जिसके बाद आयोग ने बिजली बोर्ड की बिजली को महंगी करने को मंजूरी दे दी है. यह बिजली दर एक मई से लागू होगी. आयोग के सदस्य तकनीक अतुल कुमार और सदस्य विधि महेंद्र प्रसाद ने इसकी जानकारी दी. उन्होंने जानकारी दी कि घरेलू ग्रामीण उपभोक्ताओं के बिजली दर में प्रति यूनिट 40 पैसे की वृद्धि की गयी है. अब ग्रामीण उपभोक्ताओं को 6.30 रुपए प्रति यूनिट की जगह 6.70 रुपए प्रति यूनिट देने होंगे. वहीं शहरी क्षेत्र के घरेलू उपभोक्ताओं को 20 पैसे प्रति यूनिट अधिक देने होंगे. शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को अब 6.65 रुपये प्रति यूनिट की जगह 6.85 रुपए प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा. ओवर ऑल बिजली दर में 6.34 फीसदी की वृद्धि की गयी है.




