रांची : अखिल भारतीय नौजवान संघ का राज्य सम्मेलन रविवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित हुआ. सम्मेलन में पूर्व आइपीएस अधिकारी रानेंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. सम्मेलन में अखिल भारतीय नौजवान संघ के राज्य के प्रभारी रुचिर कुमार तिवारी ने कहा कि आज पूरे देश में बेरोजगारी चरम पर है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2 करोड़ एवं राज्य सरकार ने 5 लाख रोजगार देने की घोषणा की, लेकिन रोजगार के नाम पर केवल छलावा किया गया. सरकारी संपत्तियों को प्राइवेट कंपनियों के हाथों बेचने का काम किया जा रहा है. नौजवानों के श्रम का शोषण कर आउटसोर्सिंग के माध्यम से बहाली की जा रही है. केंद्र सरकार ऑनलाइन जुआ खेलने के लिए मोबाइल के माध्यम से ऑफर किये जाने को बढ़ावा दे रही है और देश के सेलेब्रिटी खुलेआम उसका प्रचार कर रहे हैं. नौजवान इससे डिप्रेशन का शिकार होकर आत्महत्या कर रहे हैं. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि झारखंड में युवा नशे का शिकार हो रहे हैं.जल जंगल जमीन पर कार्पोरेट घरानों का कब्जा हो रहा है. राज्य में कोई उद्योग धंधा नहीं लग रहा है. ऐसे में अखिल भारतीय नौजवान संघ की प्रासंगिकता बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि झारखंड में नौजवानों को गोलबंद कर एक बड़ा आन्दोलन खड़ा किया जाएगा. सम्मेलन में सबिता कुमारी, अंबुज ठाकुर, पावेल कुमार, करीमन पासवान, उमेश सिंह चेरो, रितेश तिवारी, विक्रम कुमार समेत कई लोग उपस्थित रहे.











