जमशेदपुर : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरी की बाइक से मोबाइल छीनने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने इनके पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स, मोटोरोला और सैमसंग कंपनी के मोबाइल फोन के अलावा दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं. पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान समीर मुखी और सुखलाल गगराई के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है. मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेंस कांफ्रेंस कर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि 27 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि परसुडीह थाना क्षेत्र के मुरुम मैदान के पास चार व्यक्ति छिनतई के मोबाइल फोन और चोरी की मोटरसाइकिल की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने के बाद सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए छापेमारी टीम का गठन किया गया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने सोपोडेरा निवासी समीर मुखी (20 वर्ष) तथा सुखलाल गगराई (20 वर्ष) को पकड़ा. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस के मुताबिक, समीर मुखी के पास से एप्पल आईफोन 15 प्रो मैक्स कंपनी का मोबाइल और घटना में इस्तेमाल की गई ऑलिव ग्रीन रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई. मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच05इडी-9874 है. वहीं, सुखलाल गगराई के पास से ग्रे रंग का मोटोरोला कंपनी का मोबाइल फोन मिला. इसके अलावा पुलिस ने काले रंग की एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी. पुलिस के अनुसार, बिना नंबर प्लेट वाली काली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के संबंध में पूछताछ करने पर पकड़े गए युवकों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने इसे सीतारामडेरा क्षेत्र से चोरी किया था. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, मोबाइल फोन के संबंध में पूछताछ के दौरान उन्होंने कथित तौर पर बताया कि दुर्गा पूजा के समय दोनों स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों का इस्तेमाल कर बिरसानगर थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर सड़क से गुजर रहे लोगों के मोबाइल फोन छीने थे. फिलहाल दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.












