नयी दिल्ली: रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर स्टोरी शेयर कर रिटायरमेंट की जानकारी दी. टी-20 से पहले ही संन्यास ले चुके रोहित वनडे खेलना जारी रखेंगे. बुधवार शाम को रिपोर्ट्स आई थीं कि उन्हें इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट कप्तानी से हटाया जाएगा, जिसके बाद उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट को अलविदा कह दिया. रोहित शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर स्टोरी शेयर करते हुए लिखा, ‘हैलो, मैं सभी को बताना चाहता हूं कि मैं टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले रहा हूं. रेड बॉल क्रिकेट में देश का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए गौरव का पल रहा. प्यार और सपोर्ट के लिए सभी का धन्यवाद. मैं वनडे फॉर्मेट खेलना जारी रखूंगा. विदित हो कि रोहित ने भारत को 2024 का टी-20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद सबसे छोटे फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. उन्होंने इस फॉर्मेट का टॉप स्कोरर बनकर अलविदा कहा.(नीचे भी पढ़े)
वे वनडे खेलना जारी रखेंगे, इस फॉर्मेट में भी वे टीम इंडिया को आईसीसी की चैंपियंस ट्रॉफी जिता चुके हैं.ऑस्ट्रेलिया में पिछले दौरे पर रोहित ने शुरुआती मैचों में ओपनिंग नहीं की थी. यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने ओपनिंग करते हुए सीरीज में बेहतरीन प्रदर्शन किया था. रोहित पहला टेस्ट नहीं खेल सके थे. वे दूसरे टेस्ट की प्लेइंग-11 का हिस्सा बने, लेकिन मिडिल ऑर्डर में ही बैटिंग करने के लिए उतरे. भारत ने तब जसप्रीत बुमराह की कप्तानी में पहला टेस्ट जीता, लेकिन रोहित की कप्तानी में 2 मुकाबले गंवा दिए. सिडनी में रोहित ने आखिरी टेस्ट नहीं खेला और अब रिटायरमेंट भी ले लिया.



