नयी दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर साफ कहा कि उनकी और संगीतकार व फिल्ममेकर पालश मुच्छल की शादी अब नहीं होगी. विदित हो कि बीते कई हफ्तों से इस मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं, लेकिन मंधाना ने पहली बार खुलकर स्थिति स्पष्ट की. (नीचे भी पढ़े)
उन्होंने बताया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान सिर्फ भारतीय टीम के लिए अच्छा प्रदर्शन करने पर है और वह चाहती हैं कि इस मसले को यहीं समाप्त किया जाए तो यही सबसे अच्छा रास्ता है.स्मृति मंधाना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिये कहा कि पिछले कुछ समय से उनकी निजी जिंदगी को लेकर कई तरह की बातें की जा रही थीं. उन्होंने खुद को एक निजी स्वभाव वाला व्यक्ति बताते हुए कहा कि वह अपनी पर्सनल लाइफ को सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा नहीं बनाना चाहतीं. लेकिन लगातार बढ़ती खबरों के बीच उन्हें स्पष्ट करना जरूरी लगा कि उनकी शादी अब रद्द हो चुकी है. उन्होंने सभी से इस मामले पर आगे कोई चर्चा न करने की अपील की.














