जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी का संविधान बचाओ रैली साकची गोलचक्कर पर 25 मई को दोपहर साढ़े तीन बजे से आहूत की गयी है. इसकी जानकारी एक संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस के जिला प्रभारी बलजीत सिंह बेदी ने दी. श्री बेदी जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय स्थित कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान श्री बेदी के साथ जिला अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, कार्यकारी जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर, पूर्व जिला अध्यक्ष बिजय खां, रवींद्र झा उर्फ नट्टू झा, प्रदेश सचिव राकेश तिवख़री, सामंता कुमार, शशि कुमार सिन्हा, शफी अहमद खान, ब्रजेंद्र तिवारी और संजय सिंह आजाद मौजूद थे. बलजीत सिंह बेदी ने बताया कि साकची में संविधान बचाओ रैली का आयोजन 25 मई को दोपहर 3:30 बजे से होगा. रैली में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी के राजू, प्रदेश सह प्रभारी सिरीबेला प्रसाद, सांसद सह राष्ट्रीय प्रवक्ता गुमीत सिंह सप्पल, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, प्रभारी मंत्री राधाकृष्णन किशोर, प्रभारी विधायक राजेश कच्छप, पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता, पूर्व सांसद राज्यसभा प्रदीप बलमुचू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार, मंत्रीगण, विधायकगण एवं वरिष्ठ नेतागण रैली को संबोधित करेंगे. प्रखण्ड, मण्डल, पंचायत, वार्ड क्षेत्र के अन्तर्गत निवास करने वाले सभी कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं आम जनता, सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि को रैली में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
इन लोगों ने बताया कि वरिष्ठ नेता भारतीय संविधान को बचाने के लिए बात रखेंगे. वर्तमान में हमारे संविधान के मर्यादा के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश की गई. हर भारतीय को संविधान के रक्षार्थ खड़े होने के लिए जागरूक किया जाएगा. प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जातीय जनगणना की बात मजबूती से उठाई जिसकी जीत हुई है. केन्द्र सरकार के सानिध्य में सरकारी ऐजेंसियों का दुरुपयोग की जा रही है, जो संविधान के संरचना पर सीधे हमला है. ऐसे अनेकों विषय रैली में हमारे वक्ता के द्वारा रखा जाएगा. कांग्रेस पार्टी हमेशा से राष्ट्र प्रथम के नीति के साथ चलती है, जिसमें सम्पूर्ण भारत को यह देखने को मिला कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में नरसंहार की घटना आतंकवादियों के द्वारा की गई. इस विषय पर कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं ने सीडब्लूसी की बैठक में प्रस्ताव पारित कर कहा कि कांग्रेस पार्टी केन्द्र सरकार के साथ खड़ी है. इसके फलस्वरूप सेना ने ऑपरेशन सिंदूर सफलीभूत किया. भाजपा के मध्य प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक ना जाने कितने भाजपा नेताओं ने सेना के कर्नल सोफिया कुरैशी एवं सेना को अपमानित किया है. जिस पर सर्वोच्च न्यायालय ने भी संज्ञान लिया, लेकिन भाजपा ने उन नेता मंत्री के विरुद्ध कोई कार्रवाई तक नही किया. ऐसी अनेको विषयों पर रैली में चर्चा होगी. कांग्रेस पार्टी जनता के समस्या को लेकर आंदोलन करने का कार्य तेज गति से करेगी.











