भुवनेश्वर/ अमरावती: बंगाल की खाड़ी से उठा चक्रवाती तूफान अर्नब भले ही कमजोर पड़ गया है लेकिन देश भर में इसका असर जारी है. चक्रवात ने सबसे ज्यादा ओडिशा और आंध्र प्रदेश में तबाही मचाई है. दोनों राज्यों में करीब 6 लोगों की मौत हुई है.ओडिशा के गंजाम जिले में लगातार 4 दिनों से भारी बारिश हो रही है. करीब 300 गांवों में बाढ़ आ गई है. राज्य सरकार इन इलाकों में फंसे लोगों को हेलिकॉप्टर से निकालने की तैयारी कर रही है. राज्य में अब तक करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है. वहीं, आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में एक रेलवे पुल पानी में डूब गया है, जिसके चलते दोनों ओर से ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है. प्रशासन फंसे यात्रियों को सड़क के रास्ते निकालने की तैयारी कर रहा है. (नीचे भी पढ़े)

ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में हजारों पेड़ गिर गए हैं. कई पुल और सड़कें भी बह गई हैं.चक्रवात के असर से मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार और उत्तर प्रदेश समेत 15 राज्यों में भी बुधवार रात से बारिश हो रही है. इन राज्यों में अगले दो दिन बारिश जारी रह सकती है. तेज बारिश की आशंका को देखते हुए छत्तीसगढ़ के 12 और ओडिशा के 16 जिलों में गुरुवार को स्कूल बंद रखे गए हैं.चक्रवात अर्नब मंगलवार देर रात करीब 3:30 बजे आंध्र प्रदेश के तट से टकराया था. इस दौरान 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई.मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवात अर्नब कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है. (नीचे भी पढ़े)

गुरुवार सुबह तक इसके डिप्रेशन और शाम तक कम दबाव वाले क्षेत्र में बदलने की संभावना है.बिहार के पटना, समस्तीपुर और आरा में गुरुवार सुबह से हल्की बारिश हो रही है, जबकि नालंदा और बेगूसराय में बादल छाए हैं. मौसम विभाग ने 26 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें भोजपुर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास, कैमूर और बक्सर में भारी बारिश की चेतावनी है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका है. इसी तरह झारखंड में भी इस चक्रवात का असर देखने को मिल रहा है. कोल्हान, रांची, समेत कई जिलों में रुक रुक कर दिन भर बारिश हो रही है. बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है.किसानों को फसल की चिंता सता रहा है.












