जमशेदपुर : जमशेदपुर के विभिन्न थाना क्षेत्र में एसएसपी किशोर कौशल और सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी, साकची समेत कई इलाकों में पैदल गश्त किया. इस दौरान अड्डेबाजो पर नकेल कसा गया. खास तौर पर अवैध सारे कारोबारियों की जांच की गयी. हाल के दिनों में लगातार बढ़ते अपराध को लेकर पुलिस की ओर से यह कार्रवाई की गयी है. जमशेदपुर में अपराध नियंत्रण और नागरिकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष पैदल गश्त अभियान चलाया गया. (नीचे भी पढ़ें)

गश्त के दौरान उन संवेदनशील क्षेत्रों को प्राथमिकता दी गई जहां नशाखोरी, अड्डाबाजी, छेड़खानी, अवैध पार्किंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं. पुलिस की पैदल गश्त का मुख्य मकसद असामाजिक तत्वों में डर पैदा करना और आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना था. इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई तथा कई स्थानों पर दोपहिया वाहनों की जांच भी की गई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत कर क्षेत्रीय समस्याओं की जानकारी ली और आश्वासन दिया कि शहर में अपराध पर पूर्ण नियंत्रण के लिए पुलिस प्रतिबद्ध है. इस पहल को लेकर आम लोगों ने संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि शहर सुरक्षित और शांतिपूर्ण बना रहे.












