जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित लक्ष्मीनारायण मंदिर (बिड़ला मंदिर) का जीर्णोद्धार कार्य प्रगति पर है. एक वर्ष पहले, 7 जुलाई को मंदिर के गर्भगृह में श्री लक्ष्मीनारायण जी की प्रतिमा का विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। इसी के साथ मंदिर परिसर में मां काली, भगवान शंकर, हनुमान जी और गणेश जी की भी प्राण प्रतिष्ठा हुई थी. श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर जीर्णोद्धार ट्रस्ट के संयोजक और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने यहां संपन्न बैठक के बाद जारी एक विज्ञप्ति में बताया कि इस साल 7 जुलाई को मंदिर जीर्णोद्धार का एक वर्ष पूर्ण होने के शुभ अवसर पर विधिवत पूजा अर्चना का कार्यक्रम आयोजित किया गया है. सभी देवी-देवताओं, जिनकी साल भर पहले प्राण प्रतिष्ठा हुई थी, उनके समक्ष उनसे संबंधित पूजा-अर्चना की जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
श्री राय ने बताया कि मां काली की प्रतिमा के समक्ष दुर्गा सप्तशती का पाठ किया जाएगा. भगवान शंकर के शिवलिंग के समक्ष रुद्राभिषेक किया जाएगा. श्री लक्ष्मीनारायण जी की प्रतिमा के समक्ष श्री विष्णुसहस्त्रनाम का पाठ होगा. हनुमान जी की प्रतिमा के सामने पंचमुखी हनुमत कोटि स्त्रोत का पाठ होगा. इसी प्रकार श्री गणेश जी की प्रतिमा के सामने गणेश जी से संबंधित जो भी मंत्र और श्लोकादि आते हैं, उन सभी का पाठ किया जाएगा. 7 जुलाई को मंदिर के प्रांगण में पूरा दिन आध्यात्मिक वातावरण रहेगा. पूजा-अर्चना के बाद शाम में भोग-प्रसाद का वितरण होगा. बैठक में अशोक गोयल, साकेत गौतम, असीम पाठक मुन्ना सिंह, विनोद पांडेय, अजय तिवारी, राकेश ओझा आदि मौजूद रहे.











