आदित्यपुर : आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया के फेज 7 स्थित गुप्ता पॉलीट्यूब यूनिट दो में गुरुवार को एक बड़ा हादसा हुआ, जहां काम कर रहा मजदूर अर्जुन विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना के बाद आनन-फानन में घायल मजदूर को टीएमएच ले जाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. बताया जाता है कि अर्जुन विश्वकर्मा हाइड्रोलिक मशीन का प्लेट लगा रहा था, उसी दौरान प्लेट गिरने से उसका दाहिना हाथ दब गया. गंभीर रूप से घायल अर्जुन विश्वकर्मा को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
इस संबंध में कंपनी के अधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया, मगर संपर्क स्थापित नहीं हो सका. बताया जा रहा है कि कंपनी में सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की जा रही है. वहीं इस मामले की लीपापोती करने का प्रयास भी भी किया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है. अर्जुन विश्वकर्मा आदित्यपुर बाबाकुटी निवासी वीरेंद्र मंडल के घर में किराए पर रहता है. घटना के बाद परिजनों में मायूसी छाई हुई है. वैसे सवाल उन अधिकारियों पर भी उठ रहा है जो कंपनियों की नियमित जांच के नाम पर खानापूर्ति करते हैं.



