आदित्यपुर: गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष पुरेन्द्र नारायण सिंह ने जियाडा के प्रबंध निदेशक से मिलकर कहा कि आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र राज्य का सबसे बड़ा औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद गंभीर आधारभूत समस्याओं से जूझ रहा है. इन समस्याओं का सीधा असर उद्योगों के संचालन, निवेश, श्रमिकों की सुरक्षा और पूरे औद्योगिक क्षेत्र की छवि पर पड़ रहा है.उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की अधिकांश सड़कें जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं. इससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था खराब होने के कारण कई स्थानों पर जलजमाव और गंदगी की समस्या बनी रहती है.(नीचे भी पढ़े)
समिति ने नियमित साफ- सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की. प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि जगह- जगह कचरे का अंबार लगा रहने से प्रदूषण और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है.इसके अलावा कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट खराब या बंद हैं. इससे रात के समय औद्योगिक क्षेत्र में आवागमन असुरक्षित हो जाता है. समिति ने औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी मांग की.पुरेन्द्र नारायण सिंह ने जियाडा के एमडी से जर्जर सड़कों की मरम्मत और निर्माण, सीवरेज एवं ड्रेनेज व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, नियमित साफ-सफाई, खराब स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट को दुरुस्त कराने तथा आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की. उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की अन्य आधारभूत सुविधाओं के रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है. प्रतिनिधिमंडल ने सभी समस्याओं के समयबद्ध समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आग्रह किया. (नीचे भी पढ़े)

एमडी ने सभी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और दुर्गा पूजा के बाद औद्योगिक क्षेत्र में बदलाव दिखने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों एवं नालियों का टेंडर हो चुका हैl बरसात के बाद इस पर जोर- शोर से काम शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा इंडस्ट्रियल वेस्ट निस्तारण को लेकर टेंडर निकल गया है, एक हफ्ते बाद ही उसका काम शुरू कर दिया जाएगा. औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर एजेंसियों के चयन को लेकर सरकार को प्रपत्र भेजा गया है, जल्द ही इस पर निर्णय लेने की संभावना है. पुरेन्द्र नारायण सिंह ने उम्मीद जताया कि एमडी स्तर पर वार्ता के बाद मिले आश्वासन से आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र के मजदूर एवं कामगारों को जल्द राहत मिलेगीl साथ ही औद्योगिक विकास भी तेजी से होगा.इससे पूर्व प्रतिनिधिमंडल ने ज़ियाडा एमडी वरुण रंजन, क्षेत्रीय निदेशक प्रेम रंजन और उपनिदेशक दिनेश रंजन का गुलदस्ता और शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया.प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से एसएन यादव, एसडी प्रसाद, शिक्षाविद संध्या प्रधान, सोनू पासवान, पूर्व पार्षद सिद्धनाथ यादव, संदीप कुमार साहू, विमल दास, प्रभाष झा, मिथिलेश कुमार झा, विनोद कुमार सिंह, सिमरन मेहरा, भुवनेश्वर यादव, ओम प्रकाश, फनिंदर यादव, कैलाश शाह, अश्विनी कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, रामानंद भक्त, सेवा सिंह, कुमार विपिन बिहारी सिंह, छविनाथ प्रसाद सिंह सहित अन्य मौजूद रहे.







