आदित्यपुर : आरआइटी थाना क्षेत्र स्थित खरकई नदी के आसंगी चेक डैम में रविवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया. नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आने से दो युवक डूब गए. देर शाम तक पुलिस स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों युवकों की तलाश कराती रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल सका था. (नीचे भी पढ़ें)
घटना शाम करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है. लापता युवकों की पहचान धोबोडुंगरी (बंतानगर) निवासी 18 वर्षीय सोनू लोहार और मीरूडीह निवासी शुभम शर्मा के रूप में हुई है. बताया जाता है कि शुभम पूर्व में बाबा आश्रम क्षेत्र में रहता था. जानकारी के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक से आसंगी चेक डैम पहुंचे थे जहां दोनों नहाने के लिए खरकई नदी में उतर गए. उस समय नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था और पानी का बहाव काफी तेज था. इसी दौरान दोनों युवक पानी के तेज बहाव में अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चले गए और डूब गए. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलते ही आरआइटी थाना प्रभारी रविकांत पराशर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया. देर शाम तक नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन दोनों युवकों का पता नहीं चल सका. आसंगी चेक डैम लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है. प्रशासन की ओर से यहां सुरक्षा को लेकर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं और लोगों को नदी में उतरने से मना किया गया है, इसके बावजूद कई लोग चेतावनियों को नजरअंदाज कर नदी में नहाने उतर जाते हैं. बताया गया कि इस वर्ष अब तक आसंगी चेक डैम में डूबने से पांच युवकों की मौत हो चुकी है. इनमें आदित्यपुर-2 के पथ संख्या 11 और 21 के दो युवक, एस-टाइप और कल्पनापुरी के दो युवक तथा एनआइटी का एक छात्र शामिल हैं. रविवार की घटना के बाद एक बार फिर आसंगी चेक डैम की सुरक्षा व्यवस्था और लोगों द्वारा बरती जा रही लापरवाही पर सवाल खड़े हो गए हैं.




